- ग्राम अब्दुलपुर में अभियान का स्थलीय निरीक्षण कर दवा सेवन का किया सत्यापन
- धनात्मक वीबीडी केस वाले क्षेत्रों में निरोधात्मक कार्रवाई
कानपुर। राष्ट्रीय फाइलेरिया उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित आईडीए/एमडीए (IDA/MDA) अभियान के प्रभावी एवं सफल क्रियान्वयन के उद्देश्य से नोडल अधिकारी वीबीडी डॉ. राजेश्वर सिंह, जिला मलेरिया अधिकारी अरुण कुमार सिंह, पाथ की प्रतिनिधि संतोषी कुमारी एवं जनपद स्तरीय टीम द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) चौबेपुर तथा उसके अंतर्गत ग्राम अब्दुलपुर का भ्रमण किया गया।
सीएचसी चौबेपुर में अभियान के सफल संचालन के लिए सुपरवाइजरों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान फाइलेरिया रोग के कारण, लक्षण, बचाव एवं उन्मूलन के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही सामूहिक दवा सेवन अभियान के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों को निर्धारित दवाओं का सेवन सुनिश्चित कराने, घर-घर जाकर दवा सेवन की निगरानी करने तथा अभियान की प्रभावी मॉनिटरिंग के संबंध में प्रशिक्षित किया गया।
प्रशिक्षण में दवा सेवन के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने, समुदाय में व्याप्त भ्रांतियों को दूर करने, लाभार्थियों का सही अभिलेख संधारित करने तथा अभियान के दौरान आने वाली समस्याओं के समाधान पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि फाइलेरिया उन्मूलन के लक्ष्य को प्राप्त करने में सुपरवाइजरों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। सभी सुपरवाइजर अपने-अपने कार्यक्षेत्र में नियमित निगरानी करते हुए यह सुनिश्चित करेंगे कि कोई भी पात्र लाभार्थी दवा सेवन से वंचित न रहे तथा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन हो।
इसके उपरांत ग्राम अब्दुलपुर में आईडीए/एमडीए अभियान का स्थलीय निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने ग्रामीणों से संवाद कर अभियान के अंतर्गत खिलाई गई दवाओं की जानकारी प्राप्त की तथा लाभार्थियों से दवा सेवन की पुष्टि की। साथ ही संबंधित अभिलेखों का सत्यापन किया गया। स्वास्थ्य कर्मियों एवं सुपरवाइजरों को निर्देशित किया गया कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंच सुनिश्चित करते हुए दवा सेवन कराएं और अभियान की नियमित मॉनिटरिंग करें। ग्रामीणों को फाइलेरिया से बचाव तथा सामूहिक दवा सेवन के महत्व के प्रति जागरूक भी किया गया।
अभियान का मुख्य उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से आईडीए/एमडीए कार्यक्रम को सफल बनाना तथा फाइलेरिया मुक्त समाज के निर्माण की दिशा में प्रभावी प्रयास करना है।
धनात्मक वीबीडी केस वाले क्षेत्रों में एंटोमोलॉजिकल सर्वे, सोर्स रिडक्शन एवं लार्वानाशक छिड़काव
जनपद में आज सूचित हुए वेक्टर जनित रोग (वीबीडी) के धनात्मक मामलों के क्षेत्रों में एंटोमोलॉजिकल सर्वेक्षण, सोर्स रिडक्शन, लार्वानाशक छिड़काव तथा जनजागरूकता गतिविधियां संचालित की गईं। संबंधित क्षेत्रों में टीमों द्वारा मच्छरों के प्रजनन स्थलों की पहचान कर आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई की गई।
जनसमुदाय से अपील की गई कि घरों एवं आसपास पानी एकत्रित न होने दें तथा मच्छरों के प्रजनन वाले स्थानों पर जमा पानी को नियमित रूप से हटाते रहें। जलभराव वाले स्थानों पर जला हुआ मोबिल ऑयल अथवा केरोसीन डालने के बजाय स्वास्थ्य विभाग द्वारा बताए गए सुरक्षित एवं निर्धारित उपायों का प्रयोग करें। खुले शरीर पर प्राकृतिक मच्छर निरोधक क्रीम का उपयोग करें तथा शरीर के अधिकांश भाग को कपड़ों से ढककर रखें। लोगों को वेक्टर जनित एवं अन्य संचारी रोगों से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया गया।
संचारी रोगों के संबंध में सूचना देने अथवा जानकारी प्राप्त करने के लिए यूएचएम चिकित्सालय, परेड स्थित कंट्रोल रूम के हेल्पलाइन नंबर 0512-2333810 एवं 9335301096 पर संपर्क किया जा सकता है। प्राप्त सूचना के आधार पर संबंधित क्षेत्र में टीम द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जाती है।
इसके अतिरिक्त नगर निगम स्थित कंट्रोल रूम के हेल्पलाइन नंबर 0512-2526004 एवं 0512-2526005 पर भी संचारी रोगों से संबंधित सूचना दी जा सकती है। सूचना प्राप्त होने पर संबंधित क्षेत्र में टीम द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
