कानपुर। फाइलेरिया उन्मूलन के लिए चलाए जा रहे सर्वजन दवा सेवन (एमडीए) अभियान को जनपद में व्यापक जनसहभागिता मिल रही है। ककवन, बिल्हौर, चौबेपुर और बिधनू विकासखंडों में अभियान के शुरुआती चार कार्यदिवसों में 1,04,351 लोगों ने फाइलेरिया से बचाव की दवा का सेवन किया है। स्वास्थ्य विभाग के जागरूकता प्रयासों से दवा खाने से इनकार करने वाले करीब 59 प्रतिशत लोगों को भी दवा खिलाने में सफलता मिली है।
अभियान के नोडल अधिकारी डॉ. राजेश्वर सिंह ने बताया कि बिल्हौर में सर्वाधिक 41,260 लोगों ने दवा का सेवन किया है। वहीं, बिधनू में 29,366, चौबेपुर में 24,137 और ककवन में 9,588 लोगों ने दवा खाई है। उन्होंने आमजन से स्वास्थ्यकर्मियों के सामने दवा का सेवन कर फाइलेरिया उन्मूलन अभियान में अपना योगदान देने की अपील की।
जिला मलेरिया अधिकारी ए.के. सिंह ने बताया कि चारों विकासखंडों की कुल आबादी 6.77 लाख है, जिसके सापेक्ष अब तक लगभग 15 प्रतिशत लोग दवा का सेवन कर चुके हैं। अभियान के दौरान 24,774 लोगों ने दवा खाने से इनकार किया था। स्वास्थ्यकर्मियों और सहयोगी संस्थाओं के प्रयासों से इनमें से 14,717 लोगों को समझाकर दवा खिलाई गई है। शेष लोगों को भी दवा सेवन के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
अभियान में पेशेंट सपोर्ट ग्रुप (पीएसपी) के सदस्यों के प्रयास भी रंग ला रहे हैं। बिधनू विकासखंड के हाजीपुर गांव में दवा सेवन से इनकार करने वाले 85 लोगों में से 53 को समूह के सदस्यों ने बीमारी की गंभीरता और दवा के महत्व से अवगत कराकर दवा का सेवन कराया। शेष लोगों से भी निरंतर संवाद कर उनकी भ्रांतियां दूर करने और उन्हें दवा सेवन के लिए प्रेरित करने का प्रयास किया जा रहा है।
जिला मलेरिया अधिकारी ने बताया कि फाइलेरिया संक्रमित मच्छरों के काटने से फैलने वाली गंभीर बीमारी है, जो लंबे समय में हाथ-पैर में असामान्य सूजन और स्थायी दिव्यांगता का कारण बन सकती है। एमडीए अभियान के दौरान दी जाने वाली फाइलेरिया रोधी दवा सुरक्षित है और बीमारी के प्रसार को रोकने का प्रभावी उपाय है।
उन्होंने अपील की कि सभी पात्र व्यक्ति बिना किसी भय या भ्रांति के स्वास्थ्यकर्मियों के सामने दवा का सेवन करें। स्वयं दवा खाने के साथ परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें। सामूहिक दवा सेवन और जनसहभागिता से फाइलेरिया उन्मूलन के लक्ष्य को हासिल करने में मदद मिलेगी।
अभियान में स्वास्थ्य विभाग के साथ विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ), प्रोजेक्ट कंसर्न इंटरनेशनल (पीसीआई), सेंटर फॉर एडवोकेसी एंड रिसर्च (सीफॉर), सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) और पेशेंट सपोर्ट ग्रुप के सदस्य भी लोगों को जागरूक करने एवं दवा सेवन के लिए प्रेरित करने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
