- डॉ. सुधांशु त्रिवेदी के संबोधन से लेकर भक्ति संध्या तक सजे विविध कार्यक्रम
कानपुर। बृजेन्द्र स्वरूप पार्क में आयोजित पांच दिवसीय हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा मेला–2026 के तीसरे दिन शनिवार को आध्यात्मिक चेतना, भारतीय संस्कृति, सामाजिक सेवा और भक्ति की अनुपम छटा देखने को मिली। दिनभर आयोजित विविध कार्यक्रमों ने मेले को धार्मिक एवं सांस्कृतिक उल्लास से सराबोर कर दिया। विद्वानों के विचारों, विद्यार्थियों की मनमोहक प्रस्तुतियों, गंगा आरती और भक्ति संगीत ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की।
कार्यक्रमों का शुभारंभ प्रातः 10 बजे आचार्य वंदन के साथ हुआ। इस अवसर पर मुख्य वक्ता डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने अपने विचारों के माध्यम से भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक परंपरा और आचार्य परंपरा के महत्व को रेखांकित किया।
दोपहर ‘सेवा से समाज परिवर्तन’ विषय पर महत्वपूर्ण संगोष्ठी आयोजित की गई। संगोष्ठी में समाज के प्रति नागरिकों के दायित्व, सेवा भावना की महत्ता तथा जरूरतमंदों के उत्थान में सामाजिक सहभागिता की भूमिका पर विचार-विमर्श हुआ। इस आयोजन ने सेवा को सामाजिक परिवर्तन का सशक्त माध्यम बनाने का संदेश दिया।
सायं 3 बजे से 5 बजे तक विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा के माध्यम से भारतीय संस्कृति, परंपरा, संस्कार और देश की सांस्कृतिक विरासत की मनमोहक झलक प्रस्तुत की। बच्चों की प्रस्तुतियों ने मेले में उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
सायं पावन गंगा आरती का आयोजन हुआ। आरती के दौरान भक्ति और श्रद्धा का वातावरण बना। मां गंगा के प्रति आस्था और भारतीय आध्यात्मिक परंपरा से जुड़े इस आयोजन ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भक्तिमय वातावरण का अनुभव कराया।
शनिवार का विशेष आकर्षण देर सांय आयोजित भक्ति संध्या रही। इसमें ‘हनुमान अंश’ फिल्म के कलाकारों ने फिल्म से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। इसके पश्चात सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ हुआ, जिसमें श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। वहीं प्रसिद्ध गायिका अनन्या सिंह की टीम ने भजनों की संगीतमय प्रस्तुति देकर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। भक्ति संगीत की मधुर धुनों ने उपस्थित श्रोताओं को भावविभोर कर दिया।
हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा मेला–2026 के तीसरे दिन के आयोजनों ने यह संदेश दिया कि भारतीय संस्कृति की वास्तविक शक्ति आध्यात्मिक चेतना, सेवा भावना, संस्कार और सामाजिक एकजुटता में निहित है। एक ही मंच पर ज्ञान, सेवा, संस्कृति और भक्ति के विविध आयामों की प्रस्तुति ने मेले को विशेष पहचान प्रदान की।
उल्लेखनीय है कि बृजेन्द्र स्वरूप पार्क में आयोजित यह पांच दिवसीय हिंदू आध्यात्मिक एवं सेवा मेला 30 नवंबर तक चलेगा। मेले में धार्मिक, आध्यात्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से भारतीय परंपराओं एवं सेवा के मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। इस अवसर पर प्रकाश वीर आर्य, सुरेन्द्र गेरा, सन्तोष आर्य, सुभाष आर्य, धर्मेंद्र शर्मा, सुखदेव प्रसाद मिश्र आदि उपस्थित रहे।
