- कल्याणपुर ब्लॉक को बाल श्रम मुक्त बनाने हेतु 15 दिसंबर तक विशेष अभियान
कानपुर। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बाल श्रम उन्मूलन टास्क फोर्स की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बाल श्रम उन्मूलन, प्रवर्तन कार्रवाई, बच्चों के शैक्षिक पुनर्वास एवं विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में अपर श्रम आयुक्त, कानपुर द्वारा अवगत कराया गया कि वित्तीय वर्ष 2026–27 में अब तक 179 निरीक्षण किए गए, जिनमें 205 किशोर श्रमिक चिन्हित किए गए। कुल 110 अभियोजन तैयार किए गए, जिनमें माननीय न्यायालय द्वारा दंडादेश पारित करते हुए ₹11,10,000 की वसूली की गई। बेसिक शिक्षा विभाग के माध्यम से 191 बच्चों का विद्यालयों में प्रवेश कराया गया।
इसके अतिरिक्त, बाल श्रमिक विद्या योजना के अंतर्गत 70 बच्चों को कुल ₹5,14,400 की धनराशि का भुगतान किया जा रहा है तथा 21 बच्चों के आवेदन प्राप्त किए जाने की प्रक्रिया चल रही है। इच्छुक पात्र लाभार्थी श्रम विभाग कार्यालय में आवेदन कर सकते हैं।
जनपद दिसंबर 2026 तक बाल श्रम मुक्त घोषित किए जाने के क्रम में अपर श्रम आयुक्त द्वारा समिति के समक्ष कल्याणपुर ब्लॉक के 49 ग्राम पंचायतों को बाल श्रम मुक्त घोषित किये जाने का प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया जिस पर सम्यक विचार के उपरांत जिलाधिकारी कानपुर नगर द्वारा इस आशय के निर्देश दिये गये की जनसामान्य या सूचना प्रसारित कराई जाएगी यदि किसी को कल्याणपुर ब्लॉक के किसी ग्राम पंचायत मै 6-14 वर्ष तक उम्र का कोई बाल श्रमिक के रूप मै कार्य करता हुआ दिखाई दे तो श्रम कार्यालय के हेल्पलाइन नंबर 8810899946 पर अथवा भारत सरकार के पेंसिल पोर्टल के माध्यम से सूचना दे सकते है इस हेतु 15 दिसंबर तक के तिथि नियत की गई तथा विभागीय अधिकारियों को भी निर्देशित किया गया कि इस अवधि मै विशेष अभियान चलाने, चिन्हित क्षेत्रों में सघन सर्वेक्षण एवं प्रवर्तन कार्रवाई करने तथा बाल श्रम पाए जाने पर नियमानुसार कठोर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट संदीप कुमार, अपर आयुक्त स्नेहा तिवारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी हरिदत्त नेमी एवं बेसिक शिक्षा अधिकारी हरिओम सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी, अरबाज आशीष यादव अजीत सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
