सीएम बाल सेवा योजना से सहारा पाकर गरिमा ने हाईस्कूल में हासिल किए 92 प्रतिशत अंक

कानपुर। विपरीत परिस्थितियां कई बार बच्चों के सपनों को थामने की कोशिश करती हैं, लेकिन बिठूर के रमेल नगर की गरिमा सिंह ने साबित कर दिया कि हौसला मजबूत हो तो मुश्किलें भी राह नहीं रोक पातीं। मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना से आच्छादित गरिमा सिंह ने हाईस्कूल परीक्षा में 92 प्रतिशत अंक प्राप्त कर एक प्रेरक उदाहरण पेश किया है। स्कॉलर मिशन स्कूल की छात्रा गरिमा ने यह सफलता ऐसे समय में हासिल की है, जब वह बहुत कम उम्र में माता-पिता दोनों का साया खो चुकी हैं।
गरिमा के पिता अरविंद सिंह का निधन कोविड के दौरान हो गया था, जबकि उनकी माता संगीता सिंह का देहांत इससे पहले ब्लड कैंसर के कारण हो चुका था। जीवन की इतनी बड़ी त्रासदी के बाद भी गरिमा ने पढ़ाई नहीं छोड़ी। मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना और पीएम केयर्स से मिली सहायता ने उसे सहारा दिया और इसी सहयोग के साथ उसने अपनी पढ़ाई लगातार जारी रखी।
मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (कोविड) के अंतर्गत पात्र बच्चों को चार हजार रुपये प्रतिमाह की आर्थिक सहायता का प्रावधान है। यह राशि वर्ष में दो किस्तों में दी जाती है, जिसके तहत प्रत्येक छह माह पर 24 हजार रुपये एकमुश्त प्रदान किए जाते हैं, जिससे बच्चों की शिक्षा और दैनिक आवश्यकताओं में सहयोग मिलता है। वहीं पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रेन योजना के अंतर्गत ऐसे बच्चों को 18 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर 10 लाख रुपये की राशि देने का प्रावधान है।
गरिमा की इस सफलता के पीछे प्रशासनिक मार्गदर्शन भी महत्वपूर्ण रहा। गत वर्ष दीपावली के अवसर पर जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने स्वयं उससे मुलाकात कर पढ़ाई से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर मार्गदर्शन दिया और उसे निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया, जिसका सकारात्मक परिणाम अब सामने आया है।
हाईस्कूल में 92 प्रतिशत अंक प्राप्त करने के बाद गरिमा सिंह ने आज कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह से मुलाकात की। जिलाधिकारी ने उसे इस उपलब्धि पर बधाई दी और उत्साहवर्धन के लिए उपहार भी दिए। इस दौरान उसकी मेहनत, लगन और आत्मविश्वास की सराहना करते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के तहत ऐसे बच्चों, जिनके माता-पिता दोनों नहीं हैं, उनके लिए जिलाधिकारी अभिभावक के रूप में नामित किए जाते हैं। गरिमा की सफलता यह दिखाती है कि समय पर मिला सहारा और निरंतर सहयोग किसी भी कठिन परिस्थिति को पार करने की ताकत दे सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Breaking News
आयुष्मान योजना में कोताही बरतने वाले अस्पतालों पर योगी सरकार का सख्त एक्शन, 61 सस्पेंड और 140 हॉस्पिटलों पर ₹8.53 करोड़ की पेनाल्टी | नेपाली नागरिक से शादी, मथुरा में मकान और फर्जी आधार-पैन कार्ड...भारत-नेपाल बॉर्डर पर घुसपैठ करते पकड़ी गई थाईलैंड की महिला, जांच में जुटी पुलिस | ऋषभ पंत ने टेस्ट में रचा इतिहास, सचिन-धोनी-विराट को पीछे छोड़ किया ये कारनामा, बने पहले भारतीय बल्लेबाज.... बिहार में बड़ा IPS फेरबदल: Siwan AK-47 विवाद पर SP हटाए गए, Bhojpur SP भी नपे | Maulana Razvi की मुसलमानों से अपील: PM Modi, CM Yogi को बुरा-भला न कहें, BJP को हराना हमारा काम नहीं.... महाराष्ट्र में Freedom of Religion Act लागू, अब जबरन Conversion पर होगी 7 साल की जेल
Advertisement ×