कानपुर। लगातार हुई भारी बारिश से दादा नगर, पनकी औद्योगिक क्षेत्र, फजलगंज, साइट नंबर-1, साइट नंबर-2, गुमटी नंबर-5, कल्याणपुर, जाजमऊ सहित शहर के कई व्यापारिक एवं औद्योगिक क्षेत्रों में जलभराव से व्यापारियों और उद्यमियों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है।इस गंभीर समस्या को लेकर कानपुर महानगर कांग्रेस की ओर से तिलक हाल में जिलाध्यक्ष पवन गुप्ता के नेतृत्व में बैठक आयोजित की गई, जिसमें बारिश से प्रभावित व्यापारियों एवं उद्यमियों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
विभिन्न व्यापारियों और कांग्रेस के व्यापार प्रकोष्ठ से जुड़े व्यापारियों ने इन मामलों को महानगर कांग्रेस तक पहुंचाया।बैठक में कहा गया कि जलभराव के कारण कच्चा माल, तैयार माल, मशीनरी एवं दुकानों-कारखानों में रखा सामान खराब हुआ है। कई स्थानों पर उत्पादन और आवागमन भी प्रभावित हुआ है, जिससे व्यापारियों को करोड़ों रुपये का नुकसान होने की आशंका है।जिलाध्यक्ष पवन गुप्ता ने मुख्यमंत्री से मांग की कि बारिश से प्रभावित व्यापारियों एवं उद्यमियों का तत्काल सर्वे कराकर उचित मुआवजा एवं आर्थिक राहत प्रदान की जाए। साथ ही औद्योगिक क्षेत्रों में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए नाले-नालियों की सफाई, जल निकासी एवं ड्रेनेज व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए।
उन्होंने कहा कि कानपुर के व्यापारी और उद्यमी शहर की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। संकट की इस घड़ी में सरकार को उनके साथ मजबूती से खड़ा होना चाहिए और तत्काल राहत पहुंचानी चाहिए।कानपुर महानगर कांग्रेस ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि प्रभावित व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र राहत पैकेज घोषित किया जाए।
