कानपुर। यशोदा नगर में सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए चोरों ने एक बार फिर बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। यहां एक घर के बाहर खड़ी दोपहिया वाहन को अज्ञात चोर दिनदहाड़े चुरा ले गए। वारदात का पूरा वीडियो सीसीटीवी में कैद हो गया। घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस हरकत में आ गई है और मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी गई है।
मिली जानकारी के अनुसार यह वारदात बीते 4 अक्टूबर को दोपहर 1 बजे से 4 बजे के बीच की है। स्थानीय निवासी संजय कुमार जो यशोदा नगर के शंकराचार्य नगर इलाके के निवासी हैं, की मोटरसाइकिल उनके घर के बाहर खड़ी की गई थी। जब वह वापस आए तो वाहन अपनी जगह से गायब मिला। पीड़ित ने तत्काल अपने स्तर पर आसपास के मोहल्लों, गलियों और संभावित ठिकानों पर वाहन की तलाश की, लेकिन काफी प्रयासों के बाद भी मोटरसाइकिल का कोई सुराग नहीं लग सका।
अपने स्तर पर हरसंभव प्रयास करने और कोई सफलता हाथ न लगने पर पीड़ित संजय कुमार ने पुलिस से शिकायत की। थाना प्रभारी ने जानकारी देते हुए बताया कि मामले की दर्ज की गई रिपोर्ट के आधार पर इलाके के रास्तों और संभावित मार्गों पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि चोरों की पहचान की जा सके और जल्द ही वाहन बरामद कर आरोपियों पर कानूनी कार्रवाई की जा सके।
