दिवाली के त्योहार पर बाजार की मिठाइयों में मिलावट की खबरें अक्सर चिंता बढ़ा देती हैं। मावे और खोये में होने वाली मिलावट से बचने के लिए लोग अब घर पर ही शुद्ध और सुरक्षित विकल्प तलाश रहे हैं। अगर आप भी इस त्योहारी सीजन में काजू कतली जैसा स्वाद, कम बजट और ढेर सारे पोषण के साथ चाहते हैं, तो प्रोटीन से भरपूर मूंगफली की कतली सबसे बेहतरीन विकल्प है। यह बनाने में बेहद आसान है और सेहत के लिहाज से भी काफी फायदेमंद है।
मूंगफली कतली के लिए जरूरी सामग्री
मूंगफली: 2 से 3 कप (कच्ची)
मिल्क पाउडर: 2 बड़े चम्मच (क्रीमी टेक्सचर के लिए)
नेचुरल शुगर-फ्री स्वीटनर: 1 कप
पानी: 1/2 कप
देसी घी या तेल: 1 छोटा चम्मच
इलायची पाउडर: 1/4 छोटा चम्मच
बनाने का आसान तरीका
मूंगफली भूनें और छिलका हटाएं: सबसे पहले एक कड़ाही में मूंगफली को धीमी आंच पर सूखा भून लें। जब छिलका आसानी से छूटने लगे, तो गैस बंद कर दें और मूंगफली को एक बड़ी प्लेट में निकालकर ठंडा होने दें। ठंडा होने के बाद हाथों से मसलकर सारे छिलके अलग कर लें।
चाशनी तैयार करें: एक कड़ाही में 1 कप शुगर-फ्री स्वीटनर और आधा कप पानी डालें। इसे धीमी आंच पर करीब 5 मिनट तक उबलने दें। जब चाशनी एक तार की बन जाए, तो समझें कि बेस तैयार है।
मिश्रण को पकाएं: अब तैयार चाशनी में धीरे-धीरे मूंगफली का पाउडर डालते जाएं और लगातार चलाते रहें ताकि गुठलियां न पड़ें। इसमें 1 छोटा चम्मच देसी घी डालें। जब यह मिश्रण पैन के किनारे छोड़ने लगे और एक जगह सिमटने लगे, तो तुरंत गैस बंद कर दें। मिश्रण को जरूरत से ज्यादा न पकाएं, नहीं तो कतली सख्त हो सकती है।
बेलें और शेप दें: एक प्लेट या ट्रे पर बटर पेपर बिछाकर उस पर थोड़ा घी लगा लें। अब तैयार मिश्रण को उस पर निकालें। हल्का ठंडा होने पर इसे हाथों से आटे की तरह चिकना गूंध लें। फिर ऊपर से एक और बटर पेपर रखकर बेलन की मदद से मनचाही मोटाई में बेल लें। अंत में चाकू की मदद से इसे काजू कतली की तरह डायमंड शेप में काट लें। आपकी टेस्टी, हेल्दी और मिलावट-मुक्त मूंगफली कतली तैयार है।
