कानपुर। आगामी बारावफात त्योहार को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने तथा कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के दृष्टिगत पुलिस उपायुक्त दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी एवं अपर पुलिस उपायुक्त दक्षिण द्वारा थाना बाबूपुरवा क्षेत्र में आगामी बारावफात के अवसर पर निकलने वाले जुलूस के निर्धारित मार्ग का पैदल निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान जुलूस मार्ग की संवेदनशीलता, यातायात व्यवस्था, विद्युत एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही मार्ग में आने वाली संभावित समस्याओं को समय से चिन्हित कर उनका निराकरण सुनिश्चित करने तथा जुलूस के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती एवं प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
पैदल गश्त के दौरान पुलिस अधिकारियों द्वारा स्थानीय लोगों से बातचीत कर आगामी त्योहार को आपसी सौहार्द एवं शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की गई। साथ ही असामाजिक एवं शरारती तत्वों पर सतर्क दृष्टि रखने तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न होने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने हेतु संबंधित पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया गया। इस दौरान थाना बाबूपुरवा का समस्त पुलिस बल उपस्थित रहा तथा क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से लगातार पैदल गश्त किया गया।
