- 880 घरों का सर्वेक्षण, 12 में मिला लार्वा
कानपुर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी, कानपुर नगर के निर्देशों के क्रम में नोडल अधिकारी (वीबीडी) डॉ. राजेश्वर सिंह, जिला मलेरिया अधिकारी अरुण कुमार सिंह, मलेरिया निरीक्षक अमित कुमार धीमान व आनन्द कुमार, एलटी गणेश शंखवार तथा जनपदीय टीम ने श्याम नगर स्थित सोनी ज्वैलर्स के पास सामने आए स्क्रब टाइफस तथा डीटीसी कैंट के अंतर्गत यूपीएचसी फेथफुलगंज के समीप मिले डेंगू केस का भौतिक निरीक्षण किया। टीम ने प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई कराते हुए लोगों को मच्छरजनित रोगों से बचाव के प्रति जागरूक किया।
यूपीएचसी फेथफुलगंज स्थित फीवर हेल्प डेस्क का निरीक्षण कर बुखार सर्वेक्षण, जांच, सोर्स रिडक्शन तथा अन्य निरोधात्मक गतिविधियों का सत्यापन किया गया। बिल्हौर, बिधनू, कल्याणपुर, फेथफुलगंज और श्याम नगर में पोर्टल पर दर्ज डेंगू एवं स्क्रब टाइफस के मामलों के सापेक्ष आवश्यक कार्रवाई पूर्ण करा दी गई है। बिल्हौर के रूगांव में डेंगू केस के सापेक्ष स्वास्थ्य शिविर लगाकर 18 मरीजों की जांच की गई, जिसमें एक मरीज की मलेरिया जांच हुई और कोई भी मरीज धनात्मक नहीं पाया गया।
स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने फेथफुलगंज, लोकमान मोहाल, शूटरगंज, ग्वालटोली, पोखरपुर, बाबूपुरवा, कृष्णा नगर, श्याम नगर, विष्णुपुरी, काकादेव, गुंजन विहार और यशोदा नगर समेत विभिन्न क्षेत्रों में एंटमोलॉजिकल सर्वेक्षण, सोर्स रिडक्शन और लार्वानाशक छिड़काव किया। अभियान के दौरान 880 घरों का सर्वेक्षण किया गया। 7,105 पात्रों की जांच में 12 घर लार्वा धनात्मक पाए गए, जबकि 20 घरों में लार्वा नष्ट कराया गया।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से घरों और आसपास पानी जमा न होने देने, जलभराव समाप्त करने, मच्छरों से बचाव के लिए रिपेलेंट क्रीम का प्रयोग करने तथा शरीर को कपड़ों से ढककर रखने की अपील की। संचारी एवं वाहक जनित रोगों से संबंधित सूचना के लिए यूएचएम चिकित्सालय, परेड स्थित कंट्रोल रूम के हेल्पलाइन नंबर 0512-2333810 एवं 9335301096 तथा नगर निगम कंट्रोल रूम के नंबर 0512-2526004 और 2526005 पर संपर्क किया जा सकता है।
