- बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को हो रही परेशानी, समस्या के स्थायी समाधान की उठाई मांग
कानपुर। बिठूर थाना क्षेत्र के सिंहपुर स्थित गुलमोहर ग्रीन्स अपार्टमेंट में कुत्तों की समस्या को लेकर रविवार को निवासियों ने प्रदर्शन किया। अपार्टमेंट में रहने वाले दो दर्जन से अधिक लोग एकत्र हुए और अपनी समस्याओं को लेकर विरोध जताया। निवासियों का कहना है कि परिसर में कुत्तों की आवाजाही से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विशेष रूप से बुजुर्ग, महिलाएं और छोटे बच्चे खुद को असहज और असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
प्रदर्शन कर रहे लोगों के मुताबिक, अपार्टमेंट परिसर में कुत्तों के कारण बच्चों का बाहर निकलना और खेलना मुश्किल हो रहा है। वहीं बुजुर्गों और महिलाओं को भी परिसर में आने-जाने के दौरान डर बना रहता है। लोगों का कहना है कि कुत्तों के अचानक सामने आने से अप्रिय घटना की आशंका बनी रहती है। इस समस्या को लेकर कई निवासी चिंतित हैं।
रविवार को दो दर्जन से अधिक निवासियों ने एकत्र होकर प्रदर्शन के माध्यम से अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने संबंधित जिम्मेदारों से मामले को गंभीरता से लेने और अपार्टमेंट परिसर में कुत्तों की समस्या का उचित समाधान कराने की मांग की। निवासियों का कहना है कि सभी परिवारों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ऐसा रास्ता निकाला जाना चाहिए, जिससे लोगों को राहत मिले और किसी भी जानवर को नुकसान भी न पहुंचे।
प्रदर्शन में मयंक अग्रवाल, शुभ्रांशु श्रीवास्तव, कुंदन श्रीवास्तव, चंद्रशेखर, आरके श्रीवास्तव, विनीता, कमला और संध्या सहित गुलमोहर ग्रीन्स अपार्टमेंट के अन्य निवासी मौजूद रहे। लोगों ने एक स्वर में मांग उठाई कि उनकी शिकायत पर जल्द कार्रवाई की जाए, ताकि अपार्टमेंट में रहने वाले बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे बिना किसी डर के सामान्य रूप से आवागमन कर सकें।
