कानपुर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का हुआ आयोजन

  • खतौनी की गलतियां सुधरीं, पेंशन और पारिवारिक लाभ के मामलों को मिली राहत
कानपुर। तहसील सदर स्थित मर्चेंट चेंबर हॉल में शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में कई फरियादियों को मौके पर ही राहत मिली। किसी की खतौनी में दर्ज नाम की त्रुटि सुधारी गई तो किसी को पेंशन और पारिवारिक लाभ योजना से संबंधित समस्या का समाधान मिला। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 143 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 11 का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया।
समाधान दिवस में सर्वाधिक 53 शिकायतें राजस्व विभाग से संबंधित प्राप्त हुईं। इसके अलावा पुलिस विभाग की 26, नगर निगम की 21, केस्को की 12, समाज कल्याण विभाग की 10 तथा केडीए की 9 शिकायतें दर्ज की गईं। शेष शिकायतें जलकल, खाद्य एवं रसद, स्वास्थ्य, श्रम, परिवहन, विकास और बैंकिंग सेवाओं से संबंधित थीं।
समाधान दिवस में चकेरी निवासी रूपरानी ने खतौनी में अपने पति के नाम की त्रुटि का मामला रखा। जिलाधिकारी के निर्देश पर राजस्व अभिलेखों में तत्काल संशोधन कर दिया गया। इसी प्रकार फत्तेपुर दक्षिण निवासी मालिक सिंह के नाम की प्रविष्टि भी मौके पर दुरुस्त कराई गई। दलेलपुर निवासी रामकली और राजीव विहार निवासी ऋषभ शुक्ला के मामलों में न्यायालय के आदेशों का खतौनी में तत्काल अंकन कराया गया, जिससे उन्हें राहत मिली।
समाज कल्याण विभाग से जुड़े मामलों में भी फरियादियों को राहत प्रदान की गई। रावतपुर निवासी रीता गुप्ता को राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना के तहत 30 हजार रुपये की सहायता राशि खाते में हस्तांतरित किए जाने की जानकारी दी गई। दर्शनपुरवा निवासी शोभा सिंह तथा श्याम नगर निवासी अर्चना को भी उनके भुगतान संबंधी मामलों में राहत मिली। वहीं गिल्लीपुरवा निवासी बाबूराम निषाद को अवगत कराया गया कि उनकी वृद्धावस्था पेंशन स्वीकृत हो चुकी है।
नजीराबाद निवासी नसीमा बेगम और शफीका बेगम के विधवा पेंशन संबंधी मामलों में तत्काल जांच कराकर आख्या जिला प्रोबेशन कार्यालय को भेजी गई। पनकी निवासी सविता पांडेय की शिकायत पर केस्को अधिकारियों ने उनके आवास के समीप स्थापित ट्रांसफार्मर को स्थानांतरित करने की प्रक्रिया की जानकारी दी और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त लंबित प्रकरणों का निस्तारण सात दिन के भीतर सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से भूमि विवाद और पारिवारिक विवाद से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता बरतने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी पक्षकारों का पक्ष गंभीरता से सुना जाए तथा ऐसा समाधान निकाला जाए जिससे सभी पक्ष संतुष्ट हों। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में गुणवत्ता और पारदर्शिता दोनों सुनिश्चित की जाएं तथा किसी भी फरियादी को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जैन, पुलिस उपायुक्त पूर्वी सत्यजीत गुप्ता, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरिदत्त नेमी, उप जिलाधिकारी सदर/ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अनुभव सिंह सहित विभिन्न विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Breaking News
सरकार और सीजेपी के बीच 2 घंटे तक चली बैठक, CJP ने कहा- दो मांगों पर सरकार पॉजिटिव, जेपी नड्डा बोले- कल दोपहर फिर होगी मीटिंग | विपक्ष के हंगामे के बीच राज्यसभा में वंदे मातरम् बिल पेश, राष्ट्रीय गीत का अपमान करने पर होगी कड़ी सजा | मोदी सरकार के आश्वासन पर भरोसा? केंद्रीय मंत्री की मौजूदगी में सोनम वांगचुक ने तोड़ा अनशन, PM बोले- सेहत का रखें ध्यान | मायावती की NEET Paper Leak पर अपील: सरकार-प्रदर्शनकारी मिलकर निकालें समाधान
Advertisement ×