- ऑक्सफोर्ड मॉडल स्कूल की छात्राओं व शिक्षिकाओं ने कलेक्ट्रेट में मनाया रक्षाबंधन, डीएम ने उपहार देकर बढ़ाया उत्साह
कानपुर। रक्षाबंधन के अवसर पर मंगलवार को ऑक्सफोर्ड मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्राएं और शिक्षिकाएं कलेक्ट्रेट सभागार पहुंचीं और जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह को राखी बांधी। छात्राओं ने आरती उतारकर उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। जिलाधिकारी ने छात्राओं को उपहार दिए और उनसे संवाद करते हुए पढ़ाई, संस्कार और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।

इल्तिज़ा, अपूर्वा, सानिया, अवनी, अन्वी, अवनी सहित अन्य छात्राओं ने एक-एक कर जिलाधिकारी को राखी बांधी। विद्यालय की शिक्षिका अनुराधा, रीना और सुनीता सहित अन्य शिक्षिकाओं ने भी राखी बांधकर शुभकामनाएं दीं। इस दौरान डीएम ने छात्राओं से उनकी पढ़ाई और भविष्य को लेकर बातचीत की और लक्ष्य तय कर पूरी मेहनत के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के स्नेह और विश्वास के साथ नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और संस्कारों से जोड़ने वाला पर्व है। ऐसे आयोजन बच्चों को भारतीय परंपराओं को समझने और उनसे जुड़े रहने का अवसर देते हैं। हमारी सांस्कृतिक परंपराएं पीढ़ी दर पीढ़ी इसी तरह आगे बढ़ती हैं।
छात्राओं से संवाद में डीएम ने कहा कि वे अपना पूरा ध्यान पढ़ाई पर केंद्रित करें और मेहनत व लगन से अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ें। सफलता के साथ अच्छे संस्कार, अनुशासन और संवेदनशीलता भी जरूरी है। अपने माता-पिता का नाम रोशन करने के साथ समाज को साथ लेकर आगे बढ़ने की सोच भी विकसित करें।
जिलाधिकारी ने छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य और निरंतर सफलता की कामना करते हुए उन्हें अपनी संस्कृति और संस्कारों से जुड़े रहने के लिए प्रेरित किया। छात्राओं और शिक्षिकाओं ने भी रक्षाबंधन के इस आयोजन को लेकर प्रसन्नता जताई।
